केरल दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और एक त्रिशूर–गुरुवायूर पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिली है और लोगों में जागरूकता बढ़ी है।
रेल कनेक्टिविटी को मिला बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन केरल के विकास में नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि रेलवे कनेक्टिविटी को और मजबूत किया गया है, जिससे तिरुवनंतपुरम को देश के एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट और इकोनॉमिक हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और एक पैसेंजर ट्रेन के संचालन से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा। इससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और तेज यात्रा का विकल्प मिलेगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
तिरुवनंतपुरम में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को मुस्लिम लीग और माओवादी संगठनों के साथ गठजोड़ करने वाला बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि यदि केरल में भाजपा की सरकार बनती है, तो शबरिमला में सोने की कथित चोरी की पूरी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा। पीएम मोदी ने इसे ‘मोदी की गारंटी’ बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार तिरुवनंतपुरम को देश के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक बनाने के लिए हर जरूरी सहयोग देगी।
इनोवेशन और क्रेडिट सुविधा की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने सीएसआईआर–एनआईआईएसटी इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्राइज सेंटर की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की, जो यूपीआई से जुड़ी ब्याज मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा प्रदान करती है।
पीएम मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत कई लाभार्थियों को लोन राशि और क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गरीबों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
हेल्थ और डाक सेवा में भी नई पहल
प्रधानमंत्री ने श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में अत्याधुनिक रेडियो सर्जरी केंद्र की आधारशिला रखी। इसके साथ ही उन्होंने नए पूजप्पुरा मुख्य डाकघर का उद्घाटन भी किया।
पीएम मोदी ने इन सभी उपलब्धियों के लिए केरल के लोगों को बधाई दी और कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को लेकर पूरा देश एकजुट होकर काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन का बयान
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई परियोजनाएं राज्य के विकास में दूरगामी असर डालेंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लंबे समय से केंद्र से इन परियोजनाओं की मंजूरी की मांग कर रही थी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केंद्र सरकार केरल के प्रति इसी तरह संवेदनशीलता और सहयोग बनाए रखेगी।

