झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्य अभी दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि एक और अपूरणीय क्षति ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
उन्होंने कहा कि रामदास सोरेन एक मृदुभाषी, सरल स्वभाव और समाज के प्रति समर्पित जननेता थे। उनका पूरा राजनीतिक जीवन जनसेवा के लिए समर्पित रहा, जिसे राज्य हमेशा याद रखेगा।
कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भी मंत्री रामदास सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उप नेता राजेश कचछप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, बंधु तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, बादल पत्रलेख, सतीश पौल मुजनी, केदार पासवान, शशि भूषण राय, आलोक दुबे सहित कई कांग्रेस नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।