रांची: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के पत्थलकुदवा स्थित न्यू तबारक लॉज से ISIS के संदिग्ध आतंकी अशरफ दानिश की गिरफ्तारी के बाद लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दानिश पिछले कई महीनों से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का बहाना बनाकर लॉज में रह रहा था। उसके कमरे में किताबें और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री देखकर किसी को उस पर शक तक नहीं हुआ। यहां तक कि उसके साथ रहने वाले रूममेट और लॉज के अन्य युवक भी उसकी असली पहचान से अनजान रहे।
दिल्ली में ट्रांजिट रिमांड पर पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद दानिश को दिल्ली स्पेशल सेल ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया। शुरुआती पूछताछ में दानिश ने स्वीकार किया कि वह और उसके साथ जुड़े 7 अन्य लोग सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में रहते थे और उन्हें हथियार व विस्फोटक जमा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पड़ोसी और रूममेट को नहीं थी भनक
दानिश के रूममेट, जो कि एक दिव्यांग युवक है, ने पुलिस को बताया कि उसे दानिश की किसी भी गतिविधि पर कभी शक नहीं हुआ। वह हमेशा पढ़ाई और नौकरी की बातें करता और खुद को एक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाला साधारण युवक बताता था।

