Ranchi Durga Puja Pandal 2025: रांची में बन रहे भव्य पूजा पंडाल, कहीं तिरुपति बालाजी तो कहीं प्रेम मंदिर का नजारा

Ranchi Durga Puja Pandal 2025: रांची में बन रहे भव्य पूजा पंडाल, कहीं तिरुपति बालाजी तो कहीं प्रेम मंदिर का नजारा
रांची: राजधानी रांची में शारदीय नवरात्र 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। शहरभर में विभिन्न स्थानों पर भव्य और आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस बार रांची में श्रद्धालुओं को देश-विदेश के प्रसिद्ध मंदिरों की झलक देखने को मिलेगी।

रांची रेलवे स्टेशन – तिरुपति बालाजी मंदिर का स्वरूप

रांची रेलवे स्टेशन परिसर में इस साल तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर शानदार पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। पंडाल में भगवान राम, सीता, हनुमान और भगवान विष्णु के अवतारों की झलक श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो देगी। सबसे खास आकर्षण होगा 40 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा और गूंजती हनुमान चालीसा। करीब 50 लाख रुपये की लागत से यह भव्य पंडाल तैयार हो रहा है।


बकरी बाजार – अंकोरवाट मंदिर का भव्य पंडाल

हर साल की तरह इस बार भी बकरी बाजार का पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस वर्ष यहां अंकोरवाट मंदिर के प्रारूप पर पंडाल बन रहा है। करीब 70 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह पंडाल 14400 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला होगा और 110 फीट ऊंचा होगा। यह अब तक का सबसे बड़ा पूजा पंडाल होने जा रहा है।


चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, मेन रोड

मेन रोड सर्जना चौक में चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की ओर से जीवन चक्र पर आधारित थीम वाला पंडाल तैयार हो रहा है। भ्रूण से लेकर मृत्यु तक की जीवन यात्रा को दर्शाने वाला यह पंडाल करीब 45 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। बाहर एक विशाल कलश आकर्षण का केंद्र होगा।


हरमू – प्रेम मंदिर का नजारा

पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति, हरमू में इस बार वृंदावन के प्रेम मंदिर के प्रारूप पर पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। भव्य लाइटिंग के जरिए श्रद्धालुओं को कृष्णा लीला की झलक देखने को मिलेगी। यह पंडाल करीब 70 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा है।


जिला स्कूल मैदान – स्वामी नारायण मंदिर थीम

श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति इस साल जिला स्कूल मैदान में स्वामी नारायण मंदिर की थीम पर पूजा पंडाल बना रही है। यहां भगवान विष्णु की 24 फीट ऊंची प्रतिमा विशेष आकर्षण होगी। करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पंडाल झारखंड का सबसे बड़ा पूजा पंडाल होने वाला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *