रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बेड़ो थाना क्षेत्र के खूंटयारी जंगल में एक दिव्यांग आदिवासी युवक का अधजला शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय सोमरा कुजूर के रूप में हुई है, जो घाघरा गांव का निवासी था।
जंगल में मिला अधजला शव
पुलिस के मुताबिक, सोमरा कुजूर का शव घाघरा गांव के पास खूंटयारी जंगल में अधजली अवस्था में मिला। शव पर लाठी-डंडे जैसी चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की बर्बरता से हत्या की गई और बाद में शव को जलाने की कोशिश की गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, डीएसपी अशोक कुमार राम, और इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया, साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे इलाके की तलाशी ली।
दीपावली की रात से था लापता
परिजनों ने बताया कि दीपावली की रात सोमरा अपने पिता से 30 रुपये लेकर अंडा खरीदने निकला था, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने जंगल में अधजला शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता जयु कुजूर ने बताया कि उनका बेटा दिव्यांग और मंदबुद्धि था। वह घर पर रहकर गाय-बकरी चराता था और गांव से ज्यादा बाहर नहीं जाता था।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रिम्स (RIMS) रांची पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना से गांव में दहशत
घटना के बाद घाघरा गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने दिव्यांग युवक की हत्या को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

