रांची को जल्द मिलेगा तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा, सीएम हेमंत सोरेन ने दी तेज़ी लाने की हिदायत |

रांची को जल्द मिलेगा तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा, सीएम हेमंत सोरेन ने दी तेज़ी लाने की हिदायत |

रांची: राजधानी रांची के लोगों के लिए जल्द ही ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित तीन नए फ्लाईओवर प्रोजेक्ट की समीक्षा की और अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

इन फ्लाईओवरों में हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक, अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ और करम टोली चौक से साइंस सिटी तक का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के प्रमुख इलाकों में जाम की समस्या को खत्म करना और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरमू फ्लाईओवर का निर्माण ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि इस फ्लाईओवर को रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ा जाए ताकि लोगों को आवाजाही में आसानी हो।

पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि हरमू फ्लाईओवर का टेंडर प्रोसेस पूरा कर लिया गया है और जल्द ही काम शुरू होगा। वहीं, अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़ और करम टोली चौक-साइंस सिटी फ्लाईओवर के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर (रोटरी) बनाने के निर्देश दिए, ताकि कई प्रमुख सड़कें एक-दूसरे से कनेक्ट हो सकें। इसके अलावा, करम टोली चौक से साइंस सिटी तक 4-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर के डिजाइन को लेकर भी चर्चा हुई।

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इन परियोजनाओं में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ही काम किया जाए और इसे जल्द से जल्द मूर्त रूप दिया जाए।

बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण भेंगरा, मुख्य अभियंता विजय रंजन और कंसल्टेंट कंपनी स्पर्श इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के सुधीर कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *