रांची: राजधानी रांची में आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण और रेबीज जैसी खतरनाक बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम ने नसबंदी और टीकाकरण अभियान को और तेज कर दिया है। इसी के तहत सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 17 आवारा कुत्तों की शल्य चिकित्सा की गई।
वार्ड संख्या 15 से 4 नए कुत्तों को पकड़कर नसबंदी और टीकाकरण के लिए शेल्टर होम भेजा गया। यह पूरा अभियान नगर निगम की अधिकृत एजेंसी होप एंड एनिमल ट्रस्ट के माध्यम से चलाया जा रहा है, जहां अनुभवी पशु चिकित्सक कुत्तों की सर्जरी और वैक्सीनेशन की प्रक्रिया पूरी करते हैं।
नसबंदी के बाद कुत्तों को शेल्टर होम में तब तक रखा जाता है, जब तक वे पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाते। इसके बाद उन्हें उसी क्षेत्र में वापस छोड़ दिया जाता है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को सुरक्षित माहौल मिले।
निगम ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अगर किसी क्षेत्र में आवारा कुत्ते दिखें, तो इसकी जानकारी तुरंत टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर दी जा सकती है।

