Ranchi News: महावीर जयंती के अवसर पर 10 अप्रैल 2025 को रांची नगर निगम क्षेत्र में सभी मांस, मछली और पोल्ट्री की दुकानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। उल्लंघन करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।
रांची: राजधानी रांची में 10 अप्रैल 2025 को महावीर जयंती के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी मांस, मछली और मुर्गा की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। इस संबंध में रांची नगर निगम द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस दिन किसी भी प्रकार का खरीद-बिक्री नहीं की जा सकेगी।
नगर निगम ने जारी किया निर्देश
रांची नगर निगम की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, “10 अप्रैल 2025 को महावीर जयंती के शुभ अवसर पर रांची निगम क्षेत्र में सभी मांस, मछली, मुर्गा आदि की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। अगर कोई व्यापारी इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
धार्मिक भावनाओं का रखें सम्मान
महावीर जयंती को अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को लेकर जैन धर्म के अनुयायियों की गहरी आस्था जुड़ी होती है। धार्मिक परंपराओं के अनुसार, इस दिन किसी भी जीव की हत्या या मांसाहार को अशुभ माना जाता है। इसी कारण देश के कई हिस्सों में इस दिन मांस-मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाता है।
बैंक और स्कूलों में भी रहेगा अवकाश
महावीर जयंती के मौके पर केवल दुकानें ही नहीं बल्कि बैंकों में भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा रांची के कई स्कूल और कॉलेजों में भी छुट्टी की घोषणा की गई है।