Ranchi News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को जमीन घोटाले से जुड़े मामलों में रांची और दिल्ली के कुल नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कांके रिसॉर्ट के बीके सिंह, दुर्गा डेवलपर्स और कमलेश कुमार सिंह से जुड़े ठिकानों पर की गई।

सूत्रों के मुताबिक, अब तक की छापेमारी में 25 लाख रुपये नकद, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, जमीन की खरीद-बिक्री के कागजात और डिजिटल डिवाइस बरामद किए गए हैं। इससे पहले भी ईडी कमलेश कुमार सिंह और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र (Prosecution Sanction) दायर कर चुका है।

कांके के अधिकारियों से मिलीभगत में हेराफेरी का आरोप
ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि जमीन कारोबारियों ने कांके अंचल के अधिकारियों के साथ साजिश रचकर जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी की। जांच के दौरान बीके सिंह को इस गिरोह का सरगना और कमलेश कुमार सिंह सहित अन्य को सहयोगी के रूप में चिह्नित किया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले कमलेश कुमार सिंह के आवास पर हुई छापेमारी में एक करोड़ रुपये नकद और रायफल की गोलियां जब्त की गई थीं।

दुर्गा डेवलपर्स भी जांच के घेरे में
ईडी की मंगलवार की छापेमारी में दुर्गा डेवलपर्स को भी शामिल किया गया। यह कंपनी दिसंबर 1997 में स्थापित हुई थी, जिसका प्रारंभिक शेयर कैपिटल 50 लाख रुपये था। कंपनी के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार झा हैं और बोर्ड में उनके पारिवारिक सदस्य — दुर्गा झा, निलय झा और सुनील झा — निदेशक के रूप में जुड़े हैं।
ईडी का कहना है कि दुर्गा डेवलपर्स के बीके सिंह और कमलेश कुमार सिंह से गहरे व्यावसायिक संबंध हैं, जिसकी जांच जारी है।

