देशभर से मिल रही शुभकामनाएं, झारखंड से मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने साझा किए भावुक संदेश
New Delhi/Ranchi – आज भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्मदिन है और इस विशेष अवसर पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सहित कई प्रमुख नेताओं ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहा राष्ट्रपति का जनसेवा भाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति को शुभकामनाएं देते हुए लिखा:
“राष्ट्रपति को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देशभर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।”
हेमंत सोरेन ने किया ‘जोहार’, बोले- राष्ट्रपति हैं प्रेरणास्रोत
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने बधाई संदेश में आदिवासी परंपरा के अनुसार ‘जोहार’ के साथ शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा:
“देश की माननीय राष्ट्रपति आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आपका दूरदर्शी नेतृत्व और समर्पण देश के लिए प्रेरणास्रोत है। मरांग बुरु आपको सदैव स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं।”
राज्यपाल संतोष गंगवार ने साधारण जीवन को बताया प्रेरणादायक
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी इस मौके पर अपने आधिकारिक संदेश में कहा:
“भारत की माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ संकल्प और जनसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूँ।”