रांची: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के शोक में झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गहरे शोक के साथ यह घोषणा की।
स्पीकर ने अपने संबोधन में कहा, “आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत दुखद है। झारखंड आंदोलन के अग्रदूत, आदिवासी समाज के मार्गदर्शक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन झारखंड ही नहीं, पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।”
उन्होंने आगे कहा कि शिबू सोरेन जी ने जीवनभर वंचित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वे अंधकार से निकालकर समाज को अधिकारों के प्रकाश की ओर ले जाने वाले प्रेरणास्रोत थे। राजनीति और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
स्पीकर की बात खत्म होते ही सदन में “शिबू सोरेन अमर रहें” के नारों की गूंज सुनाई दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।