
रांची: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को झारखंड पुलिस मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान SSB के महानिदेशक (DG) अमित मोहन प्रसाद ने झारखंड पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात की।
बैठक में हाल के नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा की गई और भविष्य में इन्हें और तेज एवं प्रभावी बनाने के रणनीति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने संयुक्त अभियान को और अधिक मजबूत करने के उपायों पर विचार किया।
अधिकारियों के बीच विचार-विमर्श और सम्मान समारोह
इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-दूसरे को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में झारखंड पुलिस और SSB के कई उच्च अधिकारी मौजूद थे, जिनमें ADG अभियान संजय आनंदराव लाठकर, IG अभियान अमोल वेणुकांत होमकर, IG विशेष शाखा प्रभात कुमार, DIG झारखंड जगुआर इन्द्रजीत महथा, और IG SSP मानवेंद्र सिंह शामिल रहे।
बैठक में झारखंड पुलिस और SSB के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने और संयुक्त अभियानों की रणनीति को मजबूत करने पर जोर दिया गया।