Stock Market News – 31 जुलाई 2025, नई दिल्ली:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति का सीधा असर अब भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखने लगा है। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। शुरुआती 10 मिनट में ही निवेशकों को लगभग ₹3 लाख करोड़ का झटका लग चुका है।
BSE सेंसेक्स में 541.19 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जो 80,940.67 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, निफ्टी 160.45 अंक टूटकर 24,694.60 के स्तर पर पहुंच गया।
सिर्फ 5 शेयर हरे निशान में, एयरटेल टॉप लूजर
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल 5 ही हरे निशान में बने रहे, जबकि 25 में गिरावट आई। भारती एयरटेल 1.53% की गिरावट के साथ सबसे बड़ा लूजर बना। इसके अलावा, रिलायंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, और टाटा पावर जैसे दिग्गज शेयर भी लाल निशान में दिखे।
इटर्नल टॉप गेनर, कुछ शेयरों में हल्की तेजी
वहीं इटर्नल 1.53% की तेजी के साथ टॉप गेनर रहा। अन्य बढ़त वाले शेयरों में पावर ग्रिड (1.00%), टाटा स्टील (0.31%), एचयूएल (0.08%) और आईटीसी (0.06%) रहे।
बड़ी गिरावट झेलने वाले प्रमुख शेयर:
- SBI: -0.78%
- बजाज फाइनेंस: -0.79%
- HCL टेक: -0.82%
- इंफोसिस: -0.92%
- ICICI बैंक: -0.61%
- TCS: -0.71%
- लार्सन: -0.77%
- सनफार्मा: -0.70%
- मारुति सुजुकी: -0.70%
- अल्ट्राटेक सीमेंट: -0.25%
- टेक महिंद्रा: -0.39%
- एचडीएफसी बैंक: -0.29%
- कोटक महिंद्रा: -0.35%
- अडानी पोर्ट्स: -0.26%
- एक्सिस बैंक: -0.05%
सिर्फ 10 मिनट में निवेशकों के ₹3 लाख करोड़ स्वाहा
BSE का कुल मार्केट कैप 30 जुलाई को ₹452.29 लाख करोड़ था, जो गिरकर ₹449.56 लाख करोड़ हो गया। यानी कुछ ही मिनटों में निवेशकों की संपत्ति में ₹2.73 लाख करोड़ से अधिक की कमी आ गई।
3,085 में से 2,033 शेयरों में गिरावट
आज BSE में ट्रेड हो रहे 3,085 शेयरों में से 2,033 में गिरावट देखी गई, जबकि 887 शेयर हरे निशान पर रहे और 165 शेयर बिना किसी बदलाव के फ्लैट ट्रेड कर रहे थे।
सर्किट लिमिट: 61 स्टॉक्स में अपर, 61 में लोअर सर्किट
61 कंपनियों के शेयर लोअर सर्किट में पहुंचे यानी निर्धारित सीमा से नीचे गिरने पर ट्रेडिंग रोक दी गई। वहीं, इतने ही शेयरों में अपर सर्किट लगा।
- 52 हफ्तों के लो पर: 51 शेयर
- 52 हफ्तों के हाई पर: 36 शेयर
ट्रंप का फैसला और भारत पर असर
30 जुलाई को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले सामान पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की, जो 1 अगस्त से प्रभावी होगा। साथ ही ट्रंप ने भारत पर आर्थिक जुर्माने की भी बात कही, जिसकी वजह रूस से जारी तेल आयात और व्यापार में लगातार बनी बाधाएं बताई गई हैं।