मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार किया है। उस पर कोरियोग्राफर रेमो डिसूज़ा और उनकी पत्नी को धमकाने व 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।
मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर मशहूर बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक रेमो डिसूज़ा तथा उनकी पत्नी लिज़ेल डिसूज़ा को धमकाने और उनसे रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप है। यह मामला वर्ष 2018 का बताया जा रहा है, जिसमें अब जाकर औपचारिक गिरफ्तारी की गई है।
पुलिस हिरासत में रवि पुजारी
रवि पुजारी को करीब पांच साल पहले सेनेगल से भारत डिपोर्ट किया गया था और तब से वह जेल में बंद था। हालांकि, इस विशेष रंगदारी मामले में उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई थी। गुरुवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसे एस्प्लानेड कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले से आरोपी बने सत्येंद्र त्यागी के कहने पर रवि पुजारी ने रेमो डिसूज़ा और उनकी पत्नी को धमकाया। आरोप है कि अक्टूबर 2016 से फरवरी 2018 के बीच पुजारी ने रेमो, उनकी पत्नी और उनके मैनेजर को कई बार फोन कर डराया-धमकाया।
इन कॉल्स के जरिए फिल्म ‘डेथ ऑफ अमर’ की रिलीज जल्दी करने का दबाव बनाया गया और मामला सुलझाने के बदले 50 लाख रुपये की मांग की गई।
मामले की पृष्ठभूमि
साल 2018 में रेमो डिसूज़ा और सत्येंद्र त्यागी के बीच ‘अमर मस्ट डाई’ नाम की फिल्म को लेकर एग्रीमेंट हुआ था। बाद में फिल्म के अधिकारों और भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद खड़ा हो गया।
सत्येंद्र त्यागी का दावा था कि उन्होंने फिल्म में निवेश किया था और उन्हें करीब 5 करोड़ रुपये मिलने थे, जो रेमो डिसूज़ा की ओर से नहीं दिए गए। इसी विवाद के बाद रंगदारी और धमकी का मामला सामने आया।

