झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच में 7 वर्षीय बच्चे की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश, पुलिस जांच जारी।
झारखंड के कोडरमा जिला के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत घरबरियावर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 7 साल के मासूम बच्चे की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान आर्यन कुमार (7 वर्ष), पिता पवन यादव के रूप में हुई है।

रात में हुआ अपहरण, सुबह मिला शव
जानकारी के अनुसार, आर्यन मंगलवार रात अपनी मां और बहन के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति घर में घुसा और बच्चे को उठाकर ले गया। सुबह जब परिजनों ने उसे घर में नहीं पाया तो खोजबीन शुरू की गई।
कुछ ही देर बाद घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक कुएं में बच्चे का शव होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की। लेकिन स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लोगों ने पुलिस वाहन से शव उतारकर वहीं प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहारी लोगों को शांत कराने में जुटे रहे।
प्रारंभिक जांच में बच्चे के चेहरे और मुंह पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हो रही है। हालांकि, अपहरण की कहानी पर पुलिस को संदेह है। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और बच्चे की मां से भी पूछताछ की जा रही है।
परिजनों पर ही लगे आरोप
घटना के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बच्चे के नाना और मामा ने आर्यन के दादा, दादी, पिता और फूफा पर ही हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हो सकता है। परिजनों का दावा है कि पहले भी बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी।
ग्रामीणों में आक्रोश, घर पर पथराव
घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के दादा-दादी को घर में बंद कर दिया और उनके घर पर पथराव भी किया।
पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

