रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की राज्यसभा सांसद महुआ मांझी की कार लातेहार जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में सांसद सहित उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्रक से टकराई कार, सांसद समेत परिवार घायल
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना होटवाग सदर थाना क्षेत्र के NH-75 पर स्थित खुशबू ढाबा के पास हुई, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में महुआ मांझी, उनके बेटे सोमबित मांझी, बहू कृति और कार चालक घायल हो गए।
महुआ मांझी के हाथ में फ्रैक्चर, रांची किया गया रेफर
सदर अस्पताल लातेहार के अनुसार, महुआ मांझी के बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।

एंबुलेंस की देरी पर परिजनों ने जताई नाराजगी
हादसे के बाद सांसद के बेटे सोमबित मांझी ने जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन अस्पताल प्रशासन द्वारा करीब एक घंटे तक देरी किए जाने का आरोप लगाया। परिजनों के बार-बार अनुरोध के बावजूद एंबुलेंस नहीं मिली, जिससे वे निराश नजर आए। आखिरकार, लातेहार थाना प्रभारी दुलाड़ चौधरी के हस्तक्षेप के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और घायलों को रांची पहुंचाया गया।