चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव की घोषणा कर दी है। झारखंड की दो सीटों समेत कई राज्यों में 18 जून को मतदान होगा। जानिए पूरा चुनाव कार्यक्रम और झारखंड की राजनीतिक तस्वीर।
रांची: चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 रिक्त सीटों पर चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। इस चुनाव के तहत देश के कई राज्यों में मतदान होगा, जिनमें झारखंड की दो महत्वपूर्ण सीटें भी शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
इन राज्यों में होंगे राज्यसभा चुनाव
चुनाव आयोग के अनुसार आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटों तथा झारखंड की दो सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर भी मतदान होगा।

झारखंड की दो सीटों पर नजर
झारखंड में इस बार दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। इनमें एक सीट भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के कार्यकाल पूरा होने के कारण रिक्त हो रही है। दूसरी सीट झामुमो के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई है। इन दोनों सीटों को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
उम्मीदवारों को लेकर मंथन शुरू
चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा, झामुमो, कांग्रेस और अन्य दलों ने रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। आने वाले दिनों में दलों की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा होने की संभावना है।
राज्यसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम
- 1 जून – अधिसूचना जारी होगी
- 8 जून – नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि
- 9 जून – नामांकन पत्रों की जांच
- 11 जून – नाम वापस लेने की अंतिम तिथि
- 18 जून – सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान
- 18 जून – शाम 5 बजे से मतगणना
- 20 जून – चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की संभावना
राजनीतिक समीकरणों पर रहेगी नजर
झारखंड में होने वाले इन चुनावों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य विधानसभा में दलों की संख्या और समर्थन के आधार पर राज्यसभा की दोनों सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब दलों की रणनीति और उम्मीदवारों के चयन पर टिकी हुई है।

