रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: दो युवक विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार, बिहार ले जा रहे थे अवैध शराब की खेप |

रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: दो युवक विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार, बिहार ले जा रहे थे अवैध शराब की खेप |

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। देर रात रांची रेलवे स्टेशन पर की गई इस जांच के दौरान दो युवकों को अवैध विदेशी शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के मुताबिक, RPF की फ्लाइंग टीम और रांची पोस्ट के अधिकारियों ने बुधवार देर रात स्टेशन परिसर में अचानक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान जब 18622 एक्सप्रेस ट्रेन की जांच की जा रही थी, तभी दो संदिग्ध युवकों की हरकतों पर जवानों की नजर पड़ी।

दोनों को रोककर जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 19 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। इनमें ब्लेंडर्स प्राइड और सिग्नेचर जैसे महंगे ब्रांड की 750-750 मिलीलीटर की बोतलें शामिल थीं। कुल शराब की मात्रा 14.250 लीटर और अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹17,640 बताई जा रही है।

पकड़े गए युवकों की पहचान प्रियांशु कुमार और नितीश कुमार के रूप में हुई है। दोनों बिहार के बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे शराब की इस खेप को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे।

गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद से ही अवैध शराब की तस्करी में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। तस्कर झारखंड और अन्य पड़ोसी राज्यों से शराब खरीदकर गुपचुप तरीके से बिहार भेजने की कोशिश करते हैं।

RPF अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन सतर्क अभियान का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य रेल मार्गों से अवैध गतिविधियों को रोकना है। गिरफ्तार दोनों युवकों को बरामद शराब के साथ आबकारी विभाग, रांची को सौंप दिया गया है।

फिलहाल, आबकारी विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इन युवकों के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन या स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना RPF या रेलवे अधिकारियों को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *