नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, एसएलआर राइफल, कारतूस और अन्य सामग्रियाँ मिलीं |

नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, एसएलआर राइफल, कारतूस और अन्य सामग्रियाँ मिलीं |

हजारीबाग: झारखंड में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के बीच हजारीबाग पुलिस और सीआरपीएफ को एक बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग-बोकारो की सीमावर्ती पहाड़ी इलाकों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के ठिकानों से दो एसएलआर राइफल, कई मैगजीन, भारी मात्रा में कारतूस और अन्य सामग्रियाँ बरामद की हैं।

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने इस अभियान की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खुफिया इनपुट के आधार पर यह सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था, जिसमें सीआरपीएफ की टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।

बरामद हथियारों के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त गश्ती अभियान तेज कर दिया गया है। जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि नक्सली संगठन की शेष गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

गौरतलब है कि हाल ही में, 15 सितंबर को हजारीबाग पुलिस और कोबरा कमांडो की संयुक्त कार्रवाई में भाकपा (माओवादी) के तीन शीर्ष उग्रवादी मारे गए थे। इनमें एक करोड़ रुपये का इनामी सहदेव सोरेन, 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेम्ब्रम, और 10 लाख का इनामी बीरसेन गंझू शामिल थे। उस दौरान तीन एके-47 राइफल और अन्य सामग्री बरामद की गई थी।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इन लगातार सफल अभियानों से झारखंड में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, और आने वाले दिनों में इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *