कांग्रेस ने 14 दिसंबर की दिल्ली रैली के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। झारखंड से 5,000 कार्यकर्ता शामिल होंगे। लोकतंत्र और वोट अधिकार बचाने को लेकर रैली का आयोजन होगा।
Congress News: झारखंड कांग्रेस ने 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल रैली के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो और कमलेश कुमार ने रविवार को कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता कर बताया कि राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से करीब 5,000 कार्यकर्ता इस राष्ट्रीय रैली में हिस्सा लेंगे। जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिभागियों की सूची जल्द से जल्द तैयार कर पार्टी कार्यालय को भेजें।
कांग्रेस नेता प्रदीप यादव ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य देश में लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और आम जनता के वोट के अधिकार की रक्षा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार सत्ता में बने रहने के लिए वोट चोरी और अनैतिक तरीकों का इस्तेमाल कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा गया कि गठबंधन सरकार द्वारा पिछले वर्ष चलाया गया कार्यक्रम “आपकी सरकार, आपके द्वार” जनता के बीच बेहद सफल रहा था। इसके अलावा, सेवा का अधिकार अधिनियम 2011 के तहत राज्य सरकार 21 से 28 नवंबर तक सेवा सप्ताह मना रही है, जिसके दौरान वार्ड और मंडल स्तर पर सरकारी सेवाएँ सीधे लोगों तक पहुँचाई जा रही हैं।
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लाल किशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, केदार पासवान और राजन वर्मा भी मौजूद रहे।

👉 Join Our WhatsApp Group : https://chat.whatsapp.com/I734CbMUARbFdQBIUr7Vjs

