रांची: छठ पर्व के मौके पर रांची से बिहार जाने वाली सभी ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। यात्रियों को आरक्षित टिकट नहीं मिल पा रहा है, जिससे घर जाने वालों की परेशानी बढ़ गई है। हटिया-पटना, वंदे भारत, जनशताब्दी, पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है।
रेलवे ने छठ पूजा को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है, लेकिन वह भी यात्रियों की भीड़ के आगे नाकाफी साबित हो रही हैं। अब लोग बस और निजी वाहनों से यात्रा करने के विकल्प तलाश रहे हैं।
हर ट्रेन में लंबी वेटिंग लिस्ट
26 अक्टूबर को रांची रेल डिवीजन से पटना के लिए चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में कोई कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है।
- हटिया–पटना ट्रेन के स्लीपर क्लास में 99, थर्ड एसी में 63 और टूएसी में 26 वेटिंग।
- रांची–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार में 58 और एग्जीक्यूटिव क्लास में 13 वेटिंग।
- जनशताब्दी एक्सप्रेस की टूएस क्लास में 200 और चेयरकार में 37 वेटिंग।
- रांची–पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस में स्लीपर में 71, थर्ड एसी में 30 और टूएसी में 15 वेटिंग।
- रांची–गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस में स्लीपर में 57, थर्ड एसी में 43 और टूएसी में 10 वेटिंग।
- रांची–आरा ट्रेन में स्लीपर क्लास में 118 वेटिंग, जबकि थर्ड और टूएसी में टिकट उपलब्ध ही नहीं है।
वहीं राउरकेला–जयनगर ट्रेन में स्लीपर क्लास में 142 और थर्ड एसी में 87 वेटिंग है। 25 अक्टूबर को चलने वाली स्पेशल ट्रेन में भी स्लीपर में 47 और थर्ड एसी में 11 वेटिंग टिकट हैं।
फ्लाइट किराया हुआ दोगुना
ट्रेनों में सीटें न मिलने के कारण अब कई यात्री हवाई सफर की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन वहां भी जेब पर बोझ बढ़ गया है। 25 अक्टूबर को रांची–पटना फ्लाइट का किराया आम दिनों की तुलना में लगभग दोगुना हो गया है।
यात्रियों ने कहा कि हर साल छठ पर्व के दौरान रांची से बिहार जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है, लेकिन इस बार रेलवे की ओर से पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे परेशानी बढ़ी है।

