दशम फॉल में बड़ा हादसा: पिस्का मोड़ का युवक नहाते समय पानी के तेज बहाव में डूबा, सोमवार को फिर शुरू होगा सर्च ऑपरेशन |

दशम फॉल में बड़ा हादसा: पिस्का मोड़ का युवक नहाते समय पानी के तेज बहाव में डूबा, सोमवार को फिर शुरू होगा सर्च ऑपरेशन |

रांची, 13 अक्टूबर: रांची जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दशम फॉल में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। पिस्का मोड़, पंडरा में रहने वाले 37 वर्षीय रोशन कुमार, पिता दिनेश ठाकुर, नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में डूब गए

रोशन मूल रूप से मधुबनी (बिहार) के कालिका रामनगर के निवासी थे और रांची में रवि स्टील में कार्यरत थे। घटना के बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

दोस्तों के साथ पहुंचे थे घूमने

जानकारी के अनुसार, रोशन रविवार दोपहर अपने पांच दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो (JH-07D-3595) से दशम फॉल घूमने पहुंचे थे। सभी ने साथ में खाना पैक किया था और झरने के पास नहा रहे थे। इस दौरान रोशन चट्टान फांदकर फॉल से करीब एक किलोमीटर ऊपर के निर्जन इलाके में चले गए।
काफी देर तक वापस न लौटने पर उनके दोस्तों ने पर्यटक मित्रों को इसकी जानकारी दी।

चट्टान पार करते समय हुआ हादसा

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लौटते समय रोशन का पैर फिसल गया, जिससे वह पानी के तेज बहाव में बह गए
सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना प्रभारी प्रशांत गौरव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पर्यटक मित्र दल की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया।

अंधेरा होने से रोका गया ऑपरेशन

थाना प्रभारी प्रशांत गौरव ने बताया कि देर शाम तक तलाशी जारी रही, लेकिन रोशन का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा बढ़ने के कारण सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।

इस साल दशम फॉल में पहली डूबने की घटना

जानकारी के अनुसार, इस साल दशम फॉल में डूबने की यह पहली घटना है। वहीं, पास के रिमिक्स फॉल में अब तक 5 से 7 पर्यटकों की मौत डूबने से हो चुकी है।

हादसे से पहले रोशन अपने दोस्तों के साथ तमाड़ के सोलह भूजी मां दिऊड़ी मंदिर और बुंडू के सूर्य मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। पूजा के बाद वे दशम फॉल घूमने गए, जहां यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *