गिरिडीह के गांडेय थाना क्षेत्र से ओडिशा के बालासोर डकैती कांड के मुख्य आरोपी सुल्तान अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसे ओडिशा पुलिस को सौंपने की तैयारी में है।
Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गांडेय थाना क्षेत्र में छिपे हुए ओडिशा के बालासोर डकैती कांड के आरोपी सुल्तान अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कारोड़ीह क्षेत्र में छापेमारी की और उसे दबोच लिया।
बालासोर डकैती मामले में था फरार
गिरफ्तार सुल्तान अंसारी ओडिशा के बालासोर जिले के सहदेव खुंटा थाना क्षेत्र में हुई डकैती की घटना में वांछित था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से झारखंड के देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के फूलकारी गांव का निवासी है।
ओडिशा पुलिस को सौंपा जाएगा
गिरफ्तारी के बाद गिरिडीह पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके पश्चात आरोपी को ओडिशा पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
पहले भी हुई थी छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, 9 अप्रैल को भी ओडिशा पुलिस ने गांडेय इलाके में छापेमारी की थी, लेकिन उस समय आरोपी हाथ नहीं लग पाया था। इस बार पुलिस को सफलता मिल गई।

