रांची, झारखंड: राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने व्यापारिक समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और सरकार से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की है।
चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राजधानी रांची सहित कई जिलों में व्यापारियों पर बढ़ते अपराध बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा, “व्यवसायी किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। यदि उन्हें सुरक्षा नहीं मिलेगी तो रोजगार और निवेश दोनों पर असर पड़ेगा।”
मल्होत्रा ने कहा कि भयमुक्त वातावरण बनाना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि व्यापार सुचारू रूप से तभी चल सकता है जब समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रहे।
“राज्य में भय का माहौल कायम” — चैम्बर ऑफ कॉमर्स
चैम्बर ने कहा कि वर्तमान स्थिति में झारखंड में भय का माहौल देखने को मिल रहा है। कुछ दिन पहले संगठन के प्रतिनिधियों ने राज्य के डीजीपी से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। उस बैठक में सभी जिलों के एसपी भी मौजूद थे।
मल्होत्रा ने कहा, “हमने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट कहा था कि अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए ताकि यह संदेश जाए कि झारखंड में कोई अपराध करेगा तो वह बच नहीं सकेगा।”
राजधानी कांके रोड, रातु और रामगढ़ में हाल के दिनों में हुई आपराधिक वारदातों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि व्यापारी वर्ग का भरोसा बहाल हो सके।

