रामगढ़ के पतरातू डैम पर म्यूजिकल फाउंटेन तैयार हो चुका है। जल्द होगा उद्घाटन, जिससे झारखंड पर्यटन को नया आकर्षण और नाइट टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
रामगढ़: झारखंड का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पतरातू डैम और पतरातू घाटी अब एक नए पर्यटन युग में प्रवेश कर चुके हैं। प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाने वाला यह इलाका अब आधुनिक टूरिज्म सुविधाओं के साथ और भी आकर्षक बन गया है। पतरातू डैम पर म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और मंगलवार की देर शाम इसका सफल ट्रायल भी किया गया।
ट्रायल के दौरान पानी की ऊंची फुहारें रंगीन रोशनी और मधुर संगीत के साथ तालमेल में नज़र आईं, जिसने वहां मौजूद लोगों को खासा प्रभावित किया। यह फाउंटेन न केवल दिन के समय बल्कि रात में भी पर्यटकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आएगा।
दिन में पर्यटक पहाड़ियों, जंगलों और शांत झील के मनोरम दृश्य का आनंद ले सकेंगे, वहीं शाम ढलते ही म्यूजिकल फाउंटेन, रंगीन लाइटिंग और प्रस्तावित लेजर शो पतरातू डैम को नाइट टूरिज्म हब के रूप में विकसित करेगा। लेजर शो में पानी की धाराओं पर थीम आधारित विजुअल्स और रंग-बिरंगे दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के अनुसार, इस माह के अंत तक म्यूजिकल फाउंटेन का औपचारिक उद्घाटन किया जा सकता है। इस पहल से जहां पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद है, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

