झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के लिए 207 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस की खरीद को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर कुल ₹1 अरब 3 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक एंबुलेंस की अनुमानित कीमत ₹50 लाख तय की गई है। इन एंबुलेंसों की खरीद झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट प्रोक्यूरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JMHIDPL) द्वारा झारखंड प्रोक्योरमेंट ऑफ गुड्स एंड सर्विसेज मैनुअल 2024 के तहत न्यूनतम निविदा प्रणाली (Lowest Bid System) से की जाएगी।
पुरानी एंबुलेंसों की होगी नीलामी
वर्तमान में राज्य में कुल 440 एंबुलेंस 108 आपातकालीन सेवा के तहत संचालित हो रही हैं। इनमें से 207 एंबुलेंस आठ साल से अधिक पुरानी हैं और 1.5 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं।
इन पुरानी एंबुलेंसों को नियमानुसार रद्दी घोषित कर नीलामी के जरिए बेचा जाएगा, और नीलामी से प्राप्त राशि राज्य के राजकोष में जमा की जाएगी।
NHM झारखंड करेगा संचालन
नई एंबुलेंसों का संचालन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड के अंतर्गत किया जाएगा। यह सेवा राज्य की मौजूदा 108 इमरजेंसी मेडिकल एंबुलेंस सर्विस में जोड़ी जाएगी।
संचालन पर होने वाला खर्च भारत सरकार द्वारा दिए गए Supplementary PIP फंड से वहन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राज्य योजना बजट से भी अतिरिक्त राशि दी जाएगी।
सरकार का उद्देश्य:
राज्य के दुर्गम और ग्रामीण इलाकों में भी रेफरल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। नई ALS एंबुलेंसों से गंभीर मरीजों को तेजी से और सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

