झारखंड में शराब की खुदरा दुकानों की नीलामी प्रक्रिया के लिए राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक आवेदक 8 अगस्त 2025 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त तय की गई है। नीलामी प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू होगी।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इच्छुक आवेदक Exciselottery.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क और अरनेस्ट मनी का भुगतान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से करना होगा। साथ ही 20 अगस्त तक भुगतान के प्रमाणपत्र पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
नीलामी प्रक्रिया कैसे होगी?
22 अगस्त को सुबह 11 बजे से कम्प्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन सिस्टम के तहत ई-लॉटरी की प्रक्रिया की जाएगी। यह लॉटरी दुकानों के MGR (Minimum Guaranteed Revenue) के घटते क्रम (Descending Order) में आयोजित की जाएगी। लॉटरी का रिजल्ट उत्पाद विभाग के पोर्टल और संबंधित जिला वेबसाइटों पर अपलोड किया जाएगा।
सफल आवेदकों को क्या करना होगा?
ई-लॉटरी में सफल आवेदकों को 25 अगस्त तक आवेदन पत्र और सभी जरूरी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां जिला उत्पाद कार्यालय में जमा करनी होंगी। इसके साथ ही गारंटी राशि और लाइसेंस शुल्क का भुगतान एकमुश्त इसी दिन तक करना होगा।
अनापत्ति प्रमाणपत्र की डेडलाइन
सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, 29 अगस्त तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जमा करना आवश्यक होगा। साथ ही आग्नेय उत्पाद शुल्क (Excise Duty) का भुगतान भी निर्धारित तिथि तक करना होगा।

