Maiya Samman Yojana के तहत झारखंड की 50 लाख महिलाओं को सितंबर माह की 2500 रुपये की राशि दुर्गा पूजा से पहले मिलेगी। अक्टूबर माह की राशि दीपावली से पहले खातों में भेजी जाएगी।
रांची: झारखंड की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना (Maiya Samman Yojana) के तहत राज्य की करीब 50 लाख महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। दुर्गा पूजा से पहले महिलाओं को सितंबर माह की 2500 रुपये की राशि मिलने जा रही है। जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर से जिला स्तर पर राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू होगी और एक सप्ताह के भीतर सभी लाभुक महिलाओं के खातों में राशि भेज दी जाएगी।
अक्टूबर माह की राशि भी दीपावली से पहले मिलने की संभावना है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने नवंबर माह तक के लिए 9600 करोड़ रुपये की राशि जिलों को पहले ही आवंटित कर दी है।
इससे पहले, 3 सितंबर को अगस्त माह की राशि लाभुक महिलाओं के खातों में भेजी गई थी। अब सितंबर माह की राशि भी दुर्गा पूजा से पहले मिलने जा रही है। ऐसे में इस माह महिलाओं को दोहरी खुशियां मिलेंगी।
राज्य सरकार की यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, जिससे हर माह उन्हें 2500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल सके।

