पटना (बिहार):
भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह ने बिहार की सियासत को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए पवन सिंह ने कहा कि उन्होंने पार्टी (भाजपा) सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए जॉइन नहीं की थी, बल्कि वे हमेशा पार्टी के सच्चे सिपाही रहे हैं।
सोशल मीडिया पर दिया बयान
पवन सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा —
“मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूं कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और ना ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।”
अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद बढ़ी थी चर्चा
हाल ही में पवन सिंह ने बीजेपी नेताओं विनोद तावड़े, ऋतुराज सिन्हा, और उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी।
इसके बाद उन्होंने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा से भी भेंट की, जिसके बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि वे आरा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।
लेकिन अब पवन सिंह के इस बयान ने सभी राजनीतिक अटकलों को विराम दे दिया है।
पत्नी ज्योति सिंह से विवाद के बीच आया बयान
इसी बीच पवन सिंह का अपनी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहा विवाद भी सुर्खियों में है।
ज्योति सिंह ने हाल ही में पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे मामला कानूनी दायरे तक पहुंच गया है।
हालांकि, चुनावी मोर्चे पर पवन सिंह ने अब साफ कर दिया है कि वे किसी भी राजनीतिक दौड़ में शामिल नहीं होंगे और पार्टी के प्रति निष्ठावान रहेंगे।

