चाईबासा (झारखंड):
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में शुक्रवार देर शाम नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर आईईडी धमाका कर हमला कर दिया। इस विस्फोट में CRPF की 60वीं बटालियन के इंस्पेक्टर केके मिश्रा समेत तीन जवान घायल हुए हैं।
घायल जवानों में रामकृष्ण गागराई और मंटू कुमार के नाम शामिल हैं।
यह घटना जराईकेला थाना क्षेत्र के सामठा के बाबूडेरा इलाके में हुई, जब सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। पहाड़ी इलाके में गश्ती के दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घायलों की स्थिति स्थिर, अस्पताल में इलाज जारी
धमाके के बाद तुरंत रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, घायल रामकृष्ण गागराई, खरसावां के विधायक कृष्ण गागराई के भाई हैं।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों घायलों की स्थिति अब स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन और हाई अलर्ट
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस को संदेह है कि हाल के दिनों में बढ़े नक्सल विरोधी अभियानों के जवाब में यह हमला किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे सारंडा जंगल क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है ताकि किसी भी बड़ी घटना को टाला जा सके।

