रांची पुलिस ने छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी ऑटो में सवार होकर महिलाओं से सोने की चेन छीनने का काम करते थे, ताकि पुलिस को गुमराह कर सकें।
जानकारी के अनुसार, अरगोड़ा थाना पुलिस ने न्यू एजी कोऑपरेटिव कॉलोनी की रहने वाली पूनम सहाय से चेन छिनतई के मामले में कार्रवाई की। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ कर दूसरे आरोपी को भी धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगड़ी निवासी मोहम्मद आजाद उर्फ शेरू और पुंदाग के मोहम्मद मुजफ्फर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सिटी एसपी अजित कुमार ने बताया कि मोहम्मद आजाद उर्फ शेरू पर शहर के अलग-अलग थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें छिनतई, चोरी और लूट की वारदातें शामिल हैं। लोअर बाजार में आठ, चुटिया में तीन, नामकुम में एक और बेड़ों में दो केस दर्ज हैं। इसके अलावा अन्य थानों में भी कई मामले लंबित हैं। आरोपी कई बार जेल भी जा चुका है।

