रांची, झारखंड:
राजधानी रांची दुर्गा पूजा की भव्य तैयारियों के साथ पूरी तरह सजी हुई है। इस बार भी शहर के प्रमुख पूजा पंडाल अपनी खास थीम और आकर्षक सजावट के लिए सुर्खियों में हैं। शुक्रवार की शाम से रांची के अधिकतर पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
कल गुरुवार को श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति और महाशक्ति दुर्गा पूजा समिति के पंडालों का उद्घाटन हो चुका है, जहां पहले ही दिन से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
आज खुलने वाले प्रमुख पंडाल
शुक्रवार को बकरी बाजार, हरमू, पंच मंदिर, रांची रेलवे स्टेशन, आरआर स्पोर्टिंग क्लब, राजस्थान मित्र मंडल और चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति सहित 8 प्रमुख पंडालों के पट खोले जाएंगे। बाकी पंडालों का उद्घाटन 27 और 28 सितंबर को होगा।
बकरी बाजार दुर्गा पूजा पंडाल
- उद्घाटन समय: शाम 5 बजे
- इस बार उद्घाटन 31 छोटी कन्याओं को दुर्गा रूप में आमंत्रित कर किया जाएगा।
- पंडाल का डिजाइन कंबोडिया के प्रसिद्ध अंकोरवाट मंदिर पर आधारित है।
- 14400 वर्ग फीट में बना यह पंडाल पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री जैसे पाठ काठीं, पाम पत्ता और त्रिपुरा मैट से सजाया गया है।
हरमू पंच मंदिर दुर्गा पूजा पंडाल
- उद्घाटन समय: शाम 7 बजे
- उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।
- पंडाल की थीम वृंदावन के प्रेम मंदिर पर आधारित है, जहां कृष्ण लीला के दृश्य विद्युत सज्जा के माध्यम से दर्शाए जा रहे हैं।
चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति
- उद्घाटन समय: शाम 6 बजे
- केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह और सुदेश महतो करेंगे उद्घाटन।
- पंडाल की थीम जीवन की यात्रा: जन्म से मृत्यु तक पर आधारित है, जो श्रद्धालुओं को मानव जीवन के विभिन्न पड़ावों से रूबरू कराएगी।
ओसीसी क्लब दुर्गा पूजा समिति
- उद्घाटन समय: शाम 7 बजे
- उद्घाटन उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री करेंगे।
- पंडाल की थीम त्रिमात्रिक आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है, जहां त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु और महेश की ऊर्जा को दर्शाया गया है।
रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति
- उद्घाटन समय: शाम 6:30 बजे
- पंडाल का डिजाइन तिरुपति बालाजी मंदिर पर आधारित है।
- आकर्षण का मुख्य केंद्र 40 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा है, जो श्रद्धालुओं को दक्षिण भारतीय संस्कृति की झलक दिखाएगी।

