राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) में शुक्रवार सुबह पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन औचक छापेमारी की। यह अभियान करीब तीन घंटे तक चला, जिसमें कैदियों के वार्ड से लेकर जेल अस्पताल तक हर कोने की गहन जांच की गई।
अधिकारियों ने पुरुष और महिला वार्ड, सेल, और जेल अस्पताल को अलग-अलग टीमों में बांटकर सघनता से खंगाला। जांच के दौरान प्रशासन को किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु या अवैध गतिविधि के सबूत नहीं मिले।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल के भीतर स्थिति पूरी तरह से सामान्य पाई गई और शांति व्यवस्था भी बरकरार रही।
यह छापेमारी रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई थी। अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा और सदर एसडीओ उत्कर्ष गुप्ता ने किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक, कार्यपालक दंडाधिकारी, थाना प्रभारी, एसडीओ खेलगांव समेत 12 सब-इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।

