Bokaro के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग, नेता और अधिकारी शामिल हुए।
Bokaro: गोमिया के पूर्व विधायक और बिहार-झारखंड सरकार में मंत्री रह चुके वरिष्ठ जननेता माधव लाल सिंह को गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार गोमिया प्रखंड के साड़म स्थित बोकारो नदी तट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक नजर आया। अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए इलाके के हजारों लोग श्मशान घाट पहुंचे। लोगों की आंखें नम थीं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल दिखाई दिया।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम श्रद्धांजलि
राजकीय सम्मान के तहत सुरक्षा बलों ने दिवंगत नेता को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जवानों की सलामी के साथ उन्हें अंतिम सम्मान अर्पित किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने “माधव बाबू अमर रहें” और “गोमिया का एक लाल कैसा हो – माधव लाल जैसा हो” जैसे नारों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़
माधव लाल सिंह की अंतिम यात्रा में कई राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियां शामिल हुईं। झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कई जनप्रतिनिधि और विभिन्न दलों के नेता मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा बोकारो जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
जनता के बीच मजबूत पहचान
माधव लाल सिंह को क्षेत्र में गरीबों और आम लोगों की आवाज के रूप में जाना जाता था। सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका और जनता से सीधा जुड़ाव उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़े रहते थे, यही कारण है कि उनके निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

