Palamu के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में 68 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार। पुलिस ने POCSO Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
Palamu: झारखंड के पलामू जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। हरिहरगंज थाना क्षेत्र के मिश्रा कॉलोनी में एक 68 वर्षीय व्यक्ति पर मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कुछ दिन पहले बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर गलत काम किया था। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिवार को शक हुआ। बताया जा रहा है कि गुरुवार को आरोपी ने दोबारा बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। डरी हुई बच्ची किसी तरह घर पहुंची और अपनी मां को पूरी जानकारी दी।
लोगों में आक्रोश, सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कुछ समय के लिए सिनेमा मोड़ के पास एनएच-139 पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद लोगों ने जाम हटाया।


पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

