मौसम विभाग ने झारखंड के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। 29 जुलाई को रांची, दुमका, साहिबगंज सहित 13 जिलों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका है। जानिए पूरे राज्य का मौसम अपडेट।
झारखंड में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है और राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 जुलाई, मंगलवार के लिए झारखंड के 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
किन जिलों में बारिश का खतरा:
अलर्ट वाले जिलों में शामिल हैं – रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज।
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार, झारखंड के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी इलाकों में 30 जुलाई तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। गरज-चमक और आंधी के साथ वर्षा की आशंका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों को अवश्यकता न होने पर बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
तापमान और वर्षा का आंकड़ा:
राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में धनबाद के पूर्वी टुंडी में सर्वाधिक 82 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं, पाकुड़ में सबसे ज्यादा 35.9 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम 21.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कृषि क्षेत्र के लिए राहत:
मौसम में आ रहे बदलाव से किसानों को राहत मिलने की संभावना है। लगातार हो रही वर्षा से धान की रोपाई और खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आई है। हालांकि, जलभराव और वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अब तक की वर्षा का विश्लेषण:
1 जून से 28 जुलाई तक झारखंड में सामान्य से 53% अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान 478.3 मिमी सामान्य वर्षा की अपेक्षा 732.7 मिमी बारिश हो चुकी है।
- पूर्वी सिंहभूम: 1274 मिमी
- रांची: 1033.3 मिमी
- पश्चिमी सिंहभूम: 916.6 मिमी
- डालटनगंज: 867 मिमी
- बोकारो थर्मल: 781.7 मिमी
सावधानी जरूरी:
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव और बारिश की संभावना जताई है। आमजन को सावधान रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की गई है।