रांची: झारखंड में सुरक्षाबलों पर हुए नक्सली हमले के मास्टरमाइंड अभिजीत कोड़ा पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची स्थित NIA की विशेष अदालत में दाखिल चार्जशीट में आरोपी पर IPC, UAPA, आर्म्स एक्ट और कई अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
NIA के मुताबिक, अभिजीत कोड़ा उर्फ सुनील कोड़ा उर्फ मतला कोड़ा उर्फ मतलू, जो बिहार के जमुई का रहने वाला है, प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) का सक्रिय सदस्य था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह संगठन के वरिष्ठ माओवादी नेताओं का संदेशवाहक था और सप्लाई कूरियर के रूप में भी काम करता था। इसके अलावा वह नये इलाकों में संगठन का नेटवर्क फैलाने और गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल था।
फरवरी 2024 में हुआ था नक्सली हमला
यह हमला फरवरी 2024 में बोकारो जिले के चतरो-चट्टी थाना क्षेत्र के सुंदरी पहाड़ी जंगल में हुआ था। झारखंड पुलिस और CRPF को इनपुट मिला था कि 15-20 नक्सली किसी बड़ी वारदात, जबरन वसूली और युवाओं की भर्ती की योजना बना रहे हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। हालांकि, माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले थे।
मौके से पुलिस ने लैपटॉप, चार्जर, पेन ड्राइव, वायरलेस सेट, एफएम रेडियो, फोन नंबरों की लिस्ट, नक्सली साहित्य, गन पाउडर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।
जांच जारी
यह मामला जून 2024 में NIA को सौंपा गया था। एजेंसी ने अब मुख्य आरोपी पर चार्जशीट दाखिल कर दी है और आगे की जांच जारी है।

