पलामू: झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात पीड़िता एक पूजा पंडाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर घर लौट रही थी। इसी दौरान सोनू नाम के युवक ने उसका पीछा किया और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद स्थानीय दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

