अंश–अंशिका और सोमा मुंडा के परिजनों से मिले सुदेश महतो, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

अंश–अंशिका और सोमा मुंडा के परिजनों से मिले सुदेश महतो, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने रांची में लापता बच्चों अंश–अंशिका के परिजनों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिया। इसके बाद खूंटी में दिवंगत पड़हा राजा सोमा मुंडा के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

Ranchi:
आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने शनिवार को धुर्वा क्षेत्र से लापता बच्चों अंश–अंशिका के माता-पिता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों की सकुशल वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और पूरे मामले पर गंभीरता से कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद सुदेश महतो खूंटी पहुंचे, जहां उन्होंने नृशंस हत्या के शिकार दिवंगत पड़हा राजा सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उनके साथ पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और केंद्रीय महासचिव सह जिप अध्यक्ष निर्मला भगत भी मौजूद रहीं।

परिजनों से बातचीत के दौरान सुदेश महतो ने राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में गरीबों और आम लोगों की समस्याएं सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं। न तो अब तक अंश–अंशिका का कोई सुराग मिल पाया है और न ही सोमा मुंडा की हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। राज्य सरकार और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह संवेदनहीन नजर आ रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

सुदेश महतो ने कहा कि बच्चों की गुमशुदगी की सूचना समय रहते थाना को दे दी गई थी, इसके बावजूद पुलिस ने शुरुआती दो दिनों तक गंभीरता नहीं दिखाई। यदि समय पर कार्रवाई होती, तो शायद बच्चों का पता लगाया जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक सरकार के किसी प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवारों की सुध नहीं ली है।

खूंटी में सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि एक सामाजिक नेतृत्वकर्ता की हत्या सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज पर हमला है। सोमा मुंडा आदिवासी समाज की मजबूत आवाज थे और उनकी हत्या कर समाज को डराने और दबाने की साजिश की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *