चाईबासा के सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में कोबरा बटालियन का जवान घायल हो गया। जवान को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है, सर्च ऑपरेशन जारी।
चाईबासा/रांची: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जारी अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। सर्च ऑपरेशन के बीच नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, घायल जवान की पहचान अभिनव कुमार के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई जब सुरक्षाबल घने जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए विस्फोटक में धमाका हो गया, जिससे जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल जवान को तुरंत घटनास्थल से निकालकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया और बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह शुरू हुए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान यह मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुल छह जवान घायल हुए हैं। इनमें से चार जवानों को पहले ही एयरलिफ्ट कर रांची पहुंचाया जा चुका है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
सारंडा का इलाका लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है। यहां घने जंगल और दुर्गम भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर नक्सली सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी का इस्तेमाल करते हैं।
हालांकि इस हमले के बावजूद सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की टीमों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

