रांची: झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में रहने वाला कुड़मी समुदाय 20 सितंबर को रेल रोको आंदोलन करने जा रहा है। समुदाय की मांग है कि उन्हें जनजातीय (आदिवासी) का दर्जा दिया जाए। आंदोलन के मद्देनजर झारखंड पुलिस ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम कर लिए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस ने मुरी, गोमो, नीमडीह, घाघरा, चांडिल, हंसडीहा, छोटा गम्हरिया, डुमरी, गंजिया बराज और पारसनाथ जैसे संवेदनशील रेलवे स्टेशनों और इलाकों पर विशेष ध्यान देने का फैसला लिया है। इन जगहों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी।
झारखंड पुलिस ने साफ किया है कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी पुलिस प्रशासन सतर्क है।
आदिवासी दर्जे की मांग
कुड़मी समुदाय फिलहाल ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) श्रेणी में आता है, लेकिन उनका कहना है कि जनजातीय दर्जा न मिलने से वे शिक्षा, सरकारी नौकरियों और आरक्षण में मिलने वाले अधिकारों से वंचित हो रहे हैं। इसी को लेकर वे लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। हाल ही में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया था।

