रांची: झारखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
24 और 25 सितंबर को होगी जोरदार बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 सितंबर को राज्य के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 26 सितंबर को पूरे राज्य में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
- 24 सितंबर: पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा
- 25 सितंबर: खूंटी, गुमला, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा
इन जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों में उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। 25 सितंबर तक पूर्व-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर कोल्हान क्षेत्र पर देखने को मिलेगा।

