Dehradun के चर्चित Vikram Sharma murder case में बड़ा खुलासा। 1 लाख का इनामी आरोपी Yashraj Singh सहारनपुर से गिरफ्तार, STF गैंग नेटवर्क और डिजिटल ट्रेल की जांच में जुटी।
Dehradun: चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस गिरफ्तारी को मामले की अहम कड़ी मान रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, यशराज पर हत्या की साजिश रचने और पूरी योजना को अंजाम तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाने का आरोप है। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपियों ने इससे पहले भी विक्रम शर्मा को निशाना बनाने की कोशिश की थी। बताया जा रहा है कि नोएडा और दिल्ली में भी हत्या की योजना बनाई गई थी, लेकिन भीड़भाड़ के कारण आरोपी अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। इसके बाद देहरादून में रेकी कर वारदात को अंजाम दिया गया।

डिजिटल ट्रांजैक्शन से मिले अहम सुराग
जांच एजेंसियों को मामले में डिजिटल भुगतान से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की यात्रा, होटल बुकिंग और अन्य खर्चों के लिए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और UPI का इस्तेमाल किया गया था। इससे पूरे नेटवर्क के आर्थिक और तकनीकी लिंक की जांच आसान हो गई है।
गैंगस्टर कनेक्शन की भी जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले यशराज कई जगहों पर छिपता रहा। इसी दौरान उसके कुछ आपराधिक संपर्कों की भी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां अब संभावित गैंग नेटवर्क और अन्य संदिग्ध कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यशराज की गिरफ्तारी के बाद मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। STF और स्थानीय पुलिस अब इस केस से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

