दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) घोटाले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आरोप तय करने की अनुमति दिए जाने के बाद, तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
तेजस्वी यादव ने इस फैसले को भाजपा की राजनीतिक साजिश करार दिया और कहा कि वह कोर्ट का सम्मान करते हैं, लेकिन इस समय की टाइमिंग पर सवाल खड़े करते हैं। उनका कहना है कि अब चुनाव आया है, तो इस तरह की चीजें होंगी, और यह सब उन्हें और उनके परिवार को चुनावी लड़ाई से हटाने की कोशिश है।
भाजपा से संघर्ष जारी रहेगा
तेजस्वी यादव ने आगे कहा:
“तूफानों से लड़ने का मज़ा ही कुछ और है। हम एक अच्छे मुसाफिर बनेंगे और मंजिल तक जरूर पहुंचेंगे। बिहार की जनता जानती है कि क्या हो रहा है और इसका जवाब चुनाव में देगी। जब तक भाजपा है और मेरा उम्र है, हम भाजपा से लड़ते रहेंगे।”
कोर्ट के फैसले की जानकारी
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान CBI द्वारा पेश किए गए सबूतों को महत्वपूर्ण माना। कोर्ट के मुताबिक, यह साजिश लालू प्रसाद यादव की जानकारी में रची गई थी, जबकि मामले के अन्य आरोपियों ने खुद को सिर्फ निर्देशों का पालन करने वाला बताया।

